देहरादून। आगामी होली त्योहार के मद्देनज़र आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून श्री सचिन कुर्वे के निर्देशानुसार जनपद में आमजन को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून श्री मनीष सयाना ने बताया कि आज प्रातः 4 बजे से हरिद्वार रोड, जोगीवाला और रिस्पना पुल क्षेत्रों में बाहरी जनपदों और राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान एक वाहन में पनीर का वितरण करते हुए पाया गया, जिसका नमूना जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश क्षेत्र श्री संतोष कुमार सिंह ने बताया कि भानियावाला, नुन्नावाला और कानरवाला क्षेत्रों में डेयरियों एवं वितरण वाहनों का निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर तीन स्थानों से खुले पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए।
नगर निगम क्षेत्र देहरादून के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रमेश सिंह ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार पथरीबाग क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां सीरियल उत्पाद, दाल आदि के पांच नमूने जांच हेतु लिए गए।

विकासनगर क्षेत्र के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय तिवारी ने झिवेरहेड़ी और रतनपुर में निरीक्षण कर मावा और तेल के दो नमूने जांच के लिए एकत्र किए। साथ ही बिना लाइसेंस कारोबार कर रही दो दुकानों को नोटिस भी जारी किया गया।

इस प्रकार 17 फरवरी 2026 को चलाए गए अभियान में कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रमेश सिंह, श्री संजय तिवारी और श्री संतोष कुमार सिंह सहित विभागीय टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली तक यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा, ताकि मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
