यमकेश्वर में मेगा जनसेवा शिविर, एक ही छत के नीचे मिली सरकारी सेवाएं

यमकेश्वर में मेगा जनसेवा शिविर, एक ही छत के नीचे मिली सरकारी सेवाएं

यमकेश्वर में जनसेवा शिविर: पेंशन से पशु दवा तक एक ही छत के नीचे मिली सरकारी सेवाएं, मंत्री मधु भट्ट ने कहा— योजनाओं का लाभ अब सीधे घर-घर

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड यमकेश्वर सभागार में भव्य जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

शिविर में उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मधु भट्ट ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पारदर्शी, संवेदनशील और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार योजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि ऐसे जनसेवा शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं। सभी विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से लोगों का समय और धन दोनों बच रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की गई सेवाएं:

• स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
• ग्राम्य विकास विभाग ने 27 आवेदन पत्र भरवाए।
• पंचायतीराज विभाग ने 25 लोगों के परिवार रजिस्टर एवं आधार संबंधी कार्य किए।
• कृषि विभाग ने 16 किसानों को कृषि उपकरण वितरित किए।
• पशुपालन विभाग ने 13 लाभार्थियों को पशु औषधियां उपलब्ध कराईं।
• उद्यान विभाग ने 13 लाभार्थियों को बीज वितरित किए।
• राजस्व विभाग ने 10 मामलों का निस्तारण किया तथा 2 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए।
• समाज कल्याण विभाग ने 10 लोगों के पेंशन प्रपत्र भरवाए और योजनाओं की जानकारी दी।
• बाल विकास विभाग ने एक लाभार्थी को महालक्ष्मी किट प्रदान की।
• ग्रामोत्थान विभाग ने 27 लोगों को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, जिला पंचायत सदस्य बच्चन सिंह बिष्ट, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, तहसीलदार वैभव जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।