उत्तराखंड समानता पार्टी ने 9 विधानसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

उत्तराखंड समानता पार्टी ने 9 विधानसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी
पहली सूची जारी, प्रतापनगर से केसर सिंह रावत और ऋषिकेश से ऊषा नौटियाल डोभाल को मिला टिकट

देहरादून, 14 नवंबर। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर उत्तराखंड समानता पार्टी ने अपनी पहली प्रत्याशी सूची जारी कर दी है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई गई।

देहरादून रिंग रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव इंजीनियर लक्ष्मी प्रसाद रतूड़ी ने किया।

नौ विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशी घोषित

पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशियों की सूची इस प्रकार है—

1. प्रतापनगर – केसर सिंह रावत
2. ऋषिकेश – ऊषा नौटियाल डोभाल
3. कोटद्वार – विनोद कुमार शर्मा
4. रुद्रप्रयाग – त्रिलोक सिंह नेगी
5. श्रीनगर – श्रीधर प्रसाद नैथानी
6. चौबट्टाखाल – वी एस राणा
7. डोईवाला – विनोद कुमार धस्माना
8. धर्मपुर – रीता बिष्ट कौल
9. अल्मोड़ा – वैभव जोशी

जनता के बीच पार्टी का रोडमैप रखने के निर्देश

बैठक में सभी घोषित प्रत्याशियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए। पार्टी नेतृत्व ने प्रत्याशियों से सत्तारूढ़ दल की कमियों को जनता के सामने रखने के साथ ही उत्तराखंड के वास्तविक विकास को लेकर पार्टी की नीतियों और रोडमैप को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

आरक्षण और यूजीसी के मुद्दों पर मुखर होगी पार्टी

बैठक में जातिगत आरक्षण की समीक्षा और आर्थिक आधार पर आरक्षण दिए जाने, अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) में किए गए संशोधनों की समीक्षा एवं सुधार तथा यूजीसी के नए प्रावधानों को वापस लेने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी और अपनी नीतियों एवं विचारों को मजबूती से रखेगी।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष केसर सिंह रावत, राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीधर प्रसाद नैथानी, राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक सिंह नेगी, मीडिया प्रभारी वी के धस्माना, मीडिया सयोंजक (अवैतनिक) उमाशंकर कुकरेती तथा महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रीता बिष्ट कौल, महिला विंग की प्रांतीय अध्यक्ष उषा नौटियाल डोभाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

Video Player